आपके नाम से फेक सोशल मीडिया अकाउंट बन गया है – जानिए कानूनी उपाय

A fake social media account has been created in your name – learn about the legal remedies.

आज के डिजिटल दौर में आपकी ऑनलाइन पहचान भी आपकी असली पहचान जितनी ही महत्वपूर्ण हो गई है। सोशल मीडिया पर आपके नाम, फोटो या प्रोफाइल को देखकर लोग आपके बारे में अपनी राय बनाते हैं। दोस्त, रिश्तेदार, ग्राहक, एम्प्लायर और समाज के अन्य लोग भी उसी आधार पर आपको पहचानते हैं। ऐसे में अगर आपको पता चले कि किसी ने आपके नाम से फेक सोशल मीडिया अकाउंट बना लिया है, तो यह आपके लिए बेहद परेशान करने वाली और चिंता की बात हो सकती है।

स्थिति तब और गंभीर हो जाती है, जब उस फेक अकाउंट के जरिए गलत जानकारी फैलाई जाने लगे। कुछ ही घंटों में ऐसा अकाउंट सैकड़ों लोगों से संपर्क कर सकता है, आपकी तस्वीरों का गलत इस्तेमाल कर सकता है, आपकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा सकता है या लोगों को यह विश्वास दिला सकता है कि वह अकाउंट वास्तव में आपका ही है।

लेकिन अच्छी बात यह है कि ऐसी स्थिति में आप असहाय नहीं हैं। भारतीय कानून आपको कई कानूनी और व्यावहारिक उपाय प्रदान करता है, जिनकी मदद से आप फेक अकाउंट को हटवाने, जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान करने और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग कर सकते हैं।

क्या आप को कानूनी सलाह की जरूरत है ?

फेक सोशल मीडिया अकाउंट क्या होता है?

फेक सोशल मीडिया अकाउंट वह अकाउंट होता है, जिसे कोई व्यक्ति बिना अनुमति के किसी दूसरे व्यक्ति की पहचान का गलत इस्तेमाल करके बनाता है और खुद को उसी व्यक्ति के रूप में प्रस्तुत करता है। ऐसे फेक अकाउंट में अक्सर निम्नलिखित काम किए जाते हैं—

  • किसी दूसरे व्यक्ति का नाम इस्तेमाल करना।
  • उसकी फोटो या तस्वीरें अपलोड करना।
  • उसकी प्रोफाइल की जानकारी, जैसे बायो, काम की जानकारी या अन्य विवरण कॉपी करना।
  • लोगों के सामने खुद को वही व्यक्ति बताना।
  • उस व्यक्ति की पहचान का इस्तेमाल करके दूसरों से बातचीत करना या मैसेज भेजना।

लोग फेक सोशल मीडिया अकाउंट क्यों बनाते हैं?

फेक सोशल मीडिया अकाउंट बनाने के पीछे अलग-अलग लोगों के अलग-अलग उद्देश्य हो सकते हैं। कई बार यह केवल मजाक नहीं होता, बल्कि किसी को नुकसान पहुंचाने या धोखाधड़ी करने की नीयत से भी किया जाता है।

फेक अकाउंट बनाने के कुछ सामान्य कारण इस प्रकार हैं—

  • परेशान करने के लिए।
  • बदला लेने की भावना से।
  • किसी व्यक्ति की बदनामी करने के लिए।
  • आर्थिक धोखाधड़ी करके लोगों से पैसे ठगने के लिए।
  • किसी की पहचान का गलत इस्तेमाल करके पहचान की चोरी (Identity Theft) करने के लिए।
  • ब्लैकमेल करके डराने या दबाव बनाने के लिए।
  • खुद को किसी और व्यक्ति बताकर उसकी पहचान का रूप धारण करने के लिए।
  • आपसी या व्यक्तिगत विवाद के कारण।
  • किसी का लगातार पीछा करने, निगरानी रखने या ऑनलाइन परेशान करने यानी साइबर स्टॉकिंग के लिए।

क्या आपके नाम से फेक सोशल मीडिया अकाउंट बनाना अपराध है?

किसी व्यक्ति की डिजिटल पहचान का बिना अनुमति के इस्तेमाल करना एक गंभीर साइबर अपराध हो सकता है। यदि कोई व्यक्ति आपके नाम, फोटो या पहचान का गलत इस्तेमाल करके फेक सोशल मीडिया अकाउंट बनाता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

ऐसी हरकत से न केवल आपकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच सकता है, बल्कि इसका इस्तेमाल धोखाधड़ी, ब्लैकमेल या लोगों को गुमराह करने के लिए भी किया जा सकता है।

इसे भी पढ़ें:  बिना घरवालों को बताए कोर्ट मैरिज कर ली है अब जान का खतरा है, क्या करें?

यदि आपके नाम से फेक सोशल मीडिया अकाउंट बन जाए, तो तुरंत क्या करें?

यदि आपको पता चलता है कि किसी ने आपके नाम या फोटो का इस्तेमाल करके फेक सोशल मीडिया अकाउंट बना लिया है, तो घबराने के बजाय तुरंत कुछ जरूरी कदम उठाएं। सही समय पर उठाए गए ये कदम आगे की कानूनी कार्रवाई में बहुत मदद कर सकते हैं।

1. सबसे पहले स्क्रीनशॉट लें

फेक अकाउंट से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारी के स्क्रीनशॉट सुरक्षित कर लें, जैसे—

  • प्रोफाइल का लिंक।
  • यूज़रनेम।
  • भेजे गए मैसेज।
  • पोस्ट और स्टोरी।
  • फ्रेंड लिस्ट या फॉलोअर्स की जानकारी, यदि दिखाई दे।

2. अकाउंट का लिंक सुरक्षित रखें

फेक प्रोफाइल का पूरा लिंक (URL) कॉपी करके सुरक्षित रख लें। यह पुलिस, साइबर सेल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शिकायत करते समय काम आता है।

3. फेक अकाउंट चलाने वाले व्यक्ति से बहस न करें

गुस्से में आकर उस व्यक्ति से झगड़ा करने, धमकी देने या बार-बार मैसेज भेजने से बचें। इससे स्थिति और खराब हो सकती है और कई बार सबूत भी मिटाए जा सकते हैं।

4. परिवार और दोस्तों को तुरंत जानकारी दें

अपने परिवार, रिश्तेदारों, दोस्तों और जरूरी संपर्कों को बता दें कि वह अकाउंट फर्जी है। उन्हें सावधान करें कि:

  • उस अकाउंट की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें।
  • किसी लिंक पर क्लिक न करें।
  • पैसे या निजी जानकारी साझा न करें।
  • उस अकाउंट से होने वाली बातचीत पर भरोसा न करें।

5. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तुरंत रिपोर्ट करें

फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सअप, X (ट्विटर) या जिस भी प्लेटफॉर्म पर फेक अकाउंट बनाया गया हो, वहां उपलब्ध “Report” विकल्प का इस्तेमाल करके शिकायत दर्ज करें।

अधिकांश सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पहचान की चोरी (Impersonation) से जुड़े मामलों में जांच करके फेक अकाउंट को हटाने की कार्रवाई करते हैं।

फेक सोशल मीडिया अकाउंट बनने पर कानूनी उपाय

साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत करें

फेक अकाउंट की शिकायत आप नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर कर सकते हैं। यह ऑनलाइन शिकायत करने का आसान और प्रभावी तरीका है। शिकायत करते समय निम्नलिखित जानकारी देना उपयोगी होता है—

  • फेक अकाउंट के स्क्रीनशॉट।
  • प्रोफाइल का लिंक (URL)।
  • घटना का पूरा विवरण।
  • अपनी पहचान से जुड़े दस्तावेज।

पुलिस में FIR दर्ज कराएं

यदि फेक अकाउंट के कारण आपकी बदनामी हुई है, पैसे की ठगी हुई है, ब्लैकमेल किया जा रहा है या गंभीर नुकसान पहुंचा है, तो आप संबंधित पुलिस स्टेशन या साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज करा सकते हैं।

भारतीय न्याय संहिता, 2023 के तहत आपराधिक कार्रवाई

मामले की परिस्थितियों के अनुसार निम्नलिखित धाराएं लागू हो सकती हैं—

1. धारा 319 – किसी और का रूप धारण करके धोखाधड़ी (Cheating by Personation)

यदि कोई व्यक्ति आपकी पहचान का इस्तेमाल करके खुद को आप बताता है और दूसरों को धोखा देता है, तो उसके खिलाफ इस धारा के तहत कार्रवाई की जा सकती है।

2. धारा 356 – मानहानि (Defamation)

यदि फेक अकाउंट के जरिए आपके बारे में झूठी, अपमानजनक या प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाली बातें पोस्ट की जाती हैं, तो मानहानि की कार्रवाई की जा सकती है।

3. धारा 351 – आपराधिक धमकी (Criminal Intimidation)

यदि फेक अकाउंट के माध्यम से आपको धमकी दी जाती है, डराया जाता है या ब्लैकमेल किया जाता है, तो यह धारा लागू हो सकती है।

4. धारा 308 – जबरन वसूली (Extortion)

यदि डर या धमकी देकर आपसे पैसे या कोई मूल्यवान चीज मांगी जाती है, तो जबरन वसूली से संबंधित प्रावधान लागू हो सकते हैं।

इसे भी पढ़ें:  कंपनी रजिस्टर होने के बाद कौन-से लीगल कम्प्लाइंस ज़रूरी हैं?

इनफार्मेशन टेक्नोलॉजी एक्ट, 2000 के तहत कानूनी उपाय

फेक सोशल मीडिया अकाउंट से जुड़े मामलों में आईटी एक्ट की निम्नलिखित धाराएं भी लागू हो सकती हैं—

1. धारा 66C – पहचान की चोरी (Identity Theft)

यदि कोई व्यक्ति आपकी डिजिटल पहचान, पासवर्ड या अन्य पहचान संबंधी जानकारी का बेईमानी या धोखाधड़ी से इस्तेमाल करता है, तो उसके खिलाफ इस धारा के तहत कार्रवाई की जा सकती है। इस अपराध में जेल और जुर्माने दोनों का प्रावधान है।

2. धारा 66D – कंप्यूटर के माध्यम से किसी और का रूप धारण करके धोखाधड़ी

यदि कोई व्यक्ति कंप्यूटर या सोशल मीडिया का इस्तेमाल करके आपकी पहचान बनाकर लोगों को धोखा देता है, तो यह धारा लागू होती है।

3. धारा 67 – अश्लील कंटेंट प्रकाशित करना

यदि फेक अकाउंट के माध्यम से अश्लील (Obscene) कंटेंट पोस्ट या शेयर की जाती है, तो इस धारा के तहत कार्रवाई की जा सकती है।

4. धारा 67A – यौन रूप से स्पष्ट कंटेंट (Sexually Explicit Content)

यदि फेक अकाउंट के जरिए यौन रूप से आपत्तिजनक या स्पष्ट कंटेंट प्रसारित की जाती है, तो इस धारा के तहत और अधिक कठोर सजा का प्रावधान है।

क्या फेक अकाउंट पर सिविल केस किया जा सकता है?

यदि आपके नाम से बनाए गए फेक सोशल मीडिया अकाउंट के कारण आपकी प्रतिष्ठा, व्यवसाय, रिश्तों या व्यक्तिगत जीवन को नुकसान पहुंचा है, तो आप सिविल कोर्ट में मामला दायर कर सकते हैं।

सिविल केस का उद्देश्य अपराधी को सजा दिलाना नहीं, बल्कि आपको हुए नुकसान की भरपाई और आपके अधिकारों की रक्षा करना होता है। सिविल कोर्ट से आप निम्नलिखित राहत की मांग कर सकते हैं—

  • डमेजिस – आपकी प्रतिष्ठा या आर्थिक नुकसान की भरपाई के लिए।
  • कंपनसेशन – फेक अकाउंट के कारण हुए नुकसान के लिए आर्थिक राहत।
  • इंजंक्शन – दोषी व्यक्ति को आगे ऐसी हरकत करने से रोकने के लिए अदालत से रोक आदेश।
  • मानहानिकारक या आपत्तिजनक कंटेंट हटाने का आदेश – फेक अकाउंट पर डाली गई झूठी, अपमानजनक या नुकसान पहुंचाने वाली कंटेंट हटाने के लिए अदालत से निर्देश।

कौन-से कानून लागू हो सकते हैं?

  • स्पेसिफिक रिलीफ एक्ट, 1963 की धारा 37 और 38 – अस्थायी और स्थायी इंजंक्शन (रोक आदेश) से संबंधित प्रावधान।
  • सिविल प्रोसीजर कोड, 1908 के आर्डर 39 रूल 1 और 2 – टेम्पररी इन्जंक्शन प्राप्त करने का प्रावधान।
  • स्पेसिफिक रिलीफ एक्ट, 1963 की धारा 39 – परमानेंट इन्जंक्शन प्राप्त करने का प्रावधान।

क्या अदालत फेक अकाउंट या आपत्तिजनक कंटेंट हटाने का आदेश दे सकती है?

यदि किसी फेक सोशल मीडिया अकाउंट या पोस्ट के कारण किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा, निजता या अधिकारों को नुकसान पहुंच रहा है, तो अदालत उचित मामलों में ऐसे कंटेंट को हटाने का आदेश दे सकती है। अदालत निम्नलिखित निर्देश जारी कर सकती है—

  • फेक सोशल मीडिया अकाउंट हटाने का आदेश।
  • मानहानिकारक या आपत्तिजनक पोस्ट, फोटो या वीडियो डिलीट करने का आदेश।
  • भविष्य में ऐसी सामग्री प्रकाशित या साझा करने से रोकने के लिए इंजंक्शन जारी करना।

अगर फेक अकाउंट बनाने वाला व्यक्ति अंजान हो तो क्या करें?

घबराने की जरूरत नहीं है। कई मामलों में पीड़ित व्यक्ति को यह पता ही नहीं होता कि फेक सोशल मीडिया अकाउंट किसने बनाया है। लेकिन केवल अपराधी की पहचान न होने से आप कानूनी कार्रवाई करने के अधिकार से वंचित नहीं हो जाते। ऐसी स्थिति में भी आप शिकायत दर्ज कर सकते हैं और जांच शुरू करवाई जा सकती है।

इसे भी पढ़ें:  क्या कई साल बाद गंभीर अपराध पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है?

ऐसी स्थिति में क्या किया जा सकता है?

  • साइबर क्राइम अथॉरिटी मामले की जांच कर सकती है।
  • सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से संबंधित जानकारी मांगी जा सकती है, जैसे अकाउंट से जुड़ी तकनीकी जानकारी और रिकॉर्ड।
  • तकनीकी सबूत जैसे IP Address, लॉगिन डिटेल्स और डिजिटल रिकॉर्ड के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा सकती है।
  • साइबर क्राइम पोर्टल या पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जा सकती है, भले ही आरोपी का नाम या पहचान पता न हो।

निष्कर्ष

फेक सोशल मीडिया अकाउंट केवल एक ऑनलाइन परेशानी नहीं है, बल्कि यह आपकी पहचान, प्रतिष्ठा और आर्थिक सुरक्षा पर सीधा हमला हो सकता है। अच्छी बात यह है कि भारतीय कानून ऐसे मामलों में मजबूत सुरक्षा प्रदान करता है।

यदि आपके नाम से किसी ने नकली सोशल मीडिया अकाउंट बना लिया है, तो उसे नजरअंदाज न करें। समय पर सबूत जुटाकर, साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत करके, पुलिस में FIR दर्ज कराकर और जरूरत पड़ने पर कोर्ट की सहायता लेकर आप अपनी डिजिटल पहचान की रक्षा कर सकते हैं।

याद रखें, डिजिटल दुनिया में सतर्कता ही सबसे बड़ी सुरक्षा है। सही समय पर उठाया गया एक कानूनी कदम आपकी प्रतिष्ठा, आपके रिश्तों और आपकी पहचान को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

किसी भी कानूनी सहायता के लिए लीड इंडिया से संपर्क करें। हमारे पास लीगल एक्सपर्ट की पूरी टीम है, जो आपकी हर संभव सहायता करेगी।

FAQs

1. अगर किसी ने मेरे नाम से फेक सोशल मीडिया अकाउंट बना लिया है, तो मुझे क्या करना चाहिए?

सबसे पहले फेक अकाउंट के स्क्रीनशॉट और लिंक सुरक्षित रखें, फिर संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उसकी शिकायत करें और जरूरत पड़ने पर साइबर क्राइम पोर्टल या पुलिस में शिकायत दर्ज कराएं।

2. क्या भारत में फेक सोशल मीडिया अकाउंट बनाना अपराध है?

किसी की पहचान का गलत इस्तेमाल करके फेक अकाउंट बनाना साइबर अपराध हो सकता है। मामले की परिस्थितियों के अनुसार पहचान की चोरी, किसी और का रूप धारण करके धोखाधड़ी, मानहानि, धमकी और अन्य साइबर अपराधों से संबंधित कानून लागू हो सकते हैं।

3. क्या फेक इंस्टाग्राम या फेसबुक अकाउंट के खिलाफ FIR दर्ज कराई जा सकती है?

यदि फेक अकाउंट के कारण आपकी बदनामी हुई है, धोखाधड़ी की गई है या किसी प्रकार का नुकसान पहुंचा है, तो आप संबंधित पुलिस स्टेशन या साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज करा सकते हैं।

4. क्या फेक प्रोफाइल के कारण हुई बदनामी के लिए मुआवजा मांगा जा सकता है?

यदि फेक अकाउंट की वजह से आपकी प्रतिष्ठा, व्यवसाय या व्यक्तिगत जीवन को नुकसान हुआ है, तो आप सिविल कोर्ट में कंपनसेशन, डेमेजिस और इन्जंक्शन जैसी राहत की मांग कर सकते हैं।

5. अगर मुझे यह नहीं पता कि फेक अकाउंट किसने बनाया है, तो क्या मैं शिकायत कर सकता हूँ?

आरोपी की पहचान न होने पर भी आप शिकायत दर्ज करा सकते हैं। साइबर क्राइम अथॉरिटी तकनीकी सबूतों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से प्राप्त जानकारी की मदद से आरोपी की पहचान करने की कोशिश कर सकती है।

Social Media